उत्तराखंडऋषिकेशविकास कार्य

रायवाला में निर्माणाधीन पुलिया का विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने किया औचक निरीक्षण

गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर, अधिकारियों को लापरवाही न बरतने की चेतावनी

ऋषिकेश, 1 जून(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सोमवार को रायवाला स्थित राम मंदिर के समीप लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन पुलिया का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने निर्माण कार्य की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिया निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

विधायक ने कहा कि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी विकास कार्यों को पारदर्शिता एवं तेजी के साथ पूरा किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी, प्रतीतनगर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों का निरीक्षण आगे भी निरंतर जारी रहेगा, जिससे परियोजनाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ उन्हें समय पर पूरा किया जा सके।

Related Articles

Back to top button