जनता दरबार में गूंजी जनसमस्याओं की आवाज, जिलाधिकारी ने 60 मामलों पर की सुनवाई
पेयजल, मुआवजा, पुनर्वास और पेंशन से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश, लंबित मामलों पर अधिकारियों को दी चेतावनी

नई टिहरी, 1 जून(दिलीप शर्मा): जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने स्वयं लोगों की शिकायतें सुनीं। कार्यक्रम के दौरान कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, पुनर्वास, मुआवजा, पेंशन, सड़क और अन्य जनहित से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई।
जनता दरबार के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। विशेष रूप से पेंशन मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कहा कि यदि अनावश्यक देरी पाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सौंग बांध प्रभावितों ने उठाई मुआवजा और पुनर्वास की मांग
जनता दरबार में तहसील धनोल्टी के रंगड़ गांव स्थित सौंग बांध प्रभावित एवं विस्थापित विकास समिति के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह और सचिव बलबीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने सौंग बांध परियोजना से प्रभावित परिवारों को पूर्ण मुआवजा, पुनर्वास और अन्य देय लाभ प्रदान किए जाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा प्रभावितों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
चम्बा क्षेत्र की बदहाल सड़कों का मुद्दा उठा
नगर पालिका परिषद चम्बा के सभासद शक्ति प्रसाद जोशी ने चम्बा की पुरानी टिहरी रोड, ऋषिकेश रोड और धरासू रोड की जर्जर स्थिति को लेकर शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) और बीआरओ को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चम्बा के मुख्य द्वार के समीप तथा शिव मंदिर मोड़ से मसूरी रोड को जोड़ने वाले मार्ग पर इंटरलॉक टाइल पैचवर्क न किए जाने और सड़क की खराब स्थिति को लेकर भी शिकायत की गई। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग चम्बा को शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के तहत सभी घरों तक पेयजल पहुंचाने के निर्देश
तहसील जाखणीधार की ग्राम पंचायत गराकोट की प्रधान रीना देवी ने शिकायत दर्ज कराई कि जल जीवन मिशन (जेजेएम) के अंतर्गत कुछ घरों में अब तक पेयजल कनेक्शन नहीं पहुंच पाए हैं, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम चम्बा को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर सभी पात्र परिवारों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ऑल वेदर रोड में अधिग्रहित संपत्ति का मुआवजा न मिलने पर कार्रवाई के आदेश
तहसील कण्डीसौड़ के ग्राम रत्नौगाढ़ निवासी कौशा देवी ने शिकायत की कि उनकी दुकान और मकान ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत अधिग्रहित किए जाने के बावजूद उन्हें अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने बीआरओ और विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (एसएलएओ) को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग और खुले में पड़ी पाइपलाइन पर भी जताई चिंता
जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत ने रानीचौरी-नकोट मोटर मार्ग निर्माण के दौरान बादशाहीथौल-रानीचौरी पैदल मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग चरबा को तत्काल मार्ग की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने जिला पंचायत क्षेत्र बागी के अंतर्गत भैतोंगी सेरा से बौराडी तक बिछाई गई राइजिंग लाइन के कई स्थानों पर खुले में दिखाई देने की समस्या भी उठाई। ग्रामीणों और पशुओं की आवाजाही में हो रही दिक्कतों को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्धारित समयावधि में समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
सभी जिला स्तरीय अधिकारी रहे मौजूद
जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, उप जिलाधिकारी टिहरी कमलेश मेहता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसमस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन गंभीर
जनता दरबार के माध्यम से एक बार फिर जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।











