देवप्रयाग हादसा: नदी में गिरी इनोवा की तलाश में SDRF का सघन रेस्क्यू अभियान जारी
ढालवाला से पहुंची डीप डाइविंग टीम, नदी में डूबी कार और लापता व्यक्तियों की तलाश तेज

देवप्रयाग/टिहरी 2 जून(दिलीप शर्मा): देवप्रयाग क्षेत्र में एक इनोवा वाहन के नदी में गिरने की घटना के बाद SDRF और स्थानीय पुलिस द्वारा व्यापक सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट ब्यासी से उप निरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सेनानायक SDRF उत्तराखण्ड अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर श्रीनगर एवं ढालवाला स्थित फ्लड रेस्क्यू टीमों को भी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। इसी क्रम में SDRF की डीप डाइविंग टीम ढालवाला भी घटनास्थल पर पहुंच गई है, जो नदी में डूबी कार तथा संभावित लापता व्यक्तियों की तलाश में जुट गई है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार लोग राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं। रेस्क्यू अभियान के दौरान SDRF एवं स्थानीय पुलिस ने एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
सर्च अभियान के दौरान अब तक दो व्यक्तियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं अन्य संभावित लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए नदी तट एवं आसपास के क्षेत्रों में गहन खोजबीन जारी है। SDRF की ब्यासी, श्रीनगर और ढालवाला की टीमें स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से अभियान संचालित कर रही हैं।
प्रशासन द्वारा वाहन में सवार लोगों की वास्तविक संख्या एवं दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। SDRF और पुलिस का रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।










