आपदा में सेवा का उदाहरण : रात के अंधेरे में घने जंगल से पर्यटकों की मदद को पहुँची लक्ष्मणझूला पुलिस
घने जंगल में फंसे पर्यटकों को राहत, पौड़ी पुलिस बनी सहारा
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा पर्यटकों की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए निरंतर सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार की रात पौड़ी पुलिस ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और सेवा भावना का परिचय दिया।
रात्रि लगभग 9:00 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सिप्रा जोशी एवं उनके भाई अनुराग जोशी, निवासी राजेन्द्र नगर, बरेली (उ.प्र.), नीलकंठ दर्शन के बाद लौटते समय बैराज बाईपास रोड पर गुर्जरों के डेरे से आगे घने जंगल में गदेरे के पास दलदल में फँस गए हैं। क्षेत्र अत्यंत एकांत और जंगलों से घिरा होने के कारण आसपास कोई सहायता उपलब्ध नहीं थी।
सूचना मिलते ही लक्ष्मणझूला थाने से उपनिरीक्षक मनोज रमोला पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुँचे। कठिन भौगोलिक स्थिति, अंधेरे और कीचड़ भरे रास्ते के बावजूद टीम ने फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
दलदल में फँसे वाहन को निकालने के लिए ऋषिकेश से क्रेन मंगाई गई, और कई घंटों की मेहनत के बाद वाहन को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस की इस त्वरित व मानवीय कार्रवाई के लिए पर्यटकों ने पौड़ी पुलिस का आभार व्यक्त किया।
थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा और सहायता पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस किसी भी परिस्थिति में जनता की सेवा के लिए तत्पर है।









