
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) 25 अक्टूबर : ऋषिकेश के प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी अंकुर गुप्ता ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी शहर का नाम रोशन किया है। अंकुर बीते कई वर्षों से उत्तराखंड राज्य टीम की ओर से विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेते आ रहे हैं।
इस वर्ष अंकुर ने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता (भोपाल, मध्य प्रदेश), हॉकी इंडिया सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता (चेन्नई, तमिलनाडु) और नेहरू हॉकी सब जूनियर बालक राष्ट्रीय प्रतियोगिता (नई दिल्ली) में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अंकुर को हाल ही में नगर निगम ऋषिकेश द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से “युवा स्वच्छता एंबेसडर” भी मनोनीत किया गया था।
उनकी प्रतिभा और समर्पण को देखते हुए आज महापौर शंभू पासवान और नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने उन्हें एक हॉकी स्टिक और आशीर्वाद भेंटकर सम्मानित किया।
अंकुर को पूर्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आशीर्वादस्वरूप उनके ऑटोग्राफ प्राप्त करने का भी सौभाग्य मिला था। साथ ही, उन्हें हॉकी के महान जादूगर स्व. ध्यानचंद जी के सुपुत्र, ओलंपियन अशोक ध्यानचंद तथा भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान, पद्मश्री व अर्जुन पुरस्कार प्राप्त वंदना कटारिया से हॉकी की बारीकियां सीखने का अवसर भी मिला।
नगर निगम ऋषिकेश ने अंकुर की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। नगर के लोग आशा कर रहे हैं कि अंकुर आने वाले समय में अपने खेल से ऋषिकेश और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक ऊंचा करेंगे।









