ऋषिकेश को आदर्श तीर्थनगरी बनाने के लिए समन्वित प्रयास आवश्यक — डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल
विधायक ने मेयर एवं नगर आयुक्त के साथ की शहर के विकास कार्यों पर समीक्षा बैठक
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : नगर के सर्वांगीण विकास एवं नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ऋषिकेश विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल ने शनिवार को अपने कैंप कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
इस दौरान ऋषिकेश मेयर शंभू पासवान और नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने विधायक से भेंट कर शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा की।
बैठक में विधायक ने नगर की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली। विशेष रूप से उन्होंने एमडीडीए द्वारा निर्माणाधीन मल्टीपार्किंग परियोजना, नगर निगम कार्यालय के विकास कार्य, तथा विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, पेयजल और स्वच्छता से संबंधित कार्यों की समीक्षा की।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश जैसी तीर्थनगरी में साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात सुगम बनाने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने तथा सड़क चौड़ीकरण और जल निकासी प्रणाली को बेहतर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि स्वच्छता मिशन के अंतर्गत वार्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाए, सफाई कर्मियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा की जाए। साथ ही शहर की सुंदरता बनाए रखने के लिए ग्रीन बेल्ट, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए पूरे किए जाएं।
बैठक के अंत में डॉ. अग्रवाल ने मेयर और नगर आयुक्त को जनता से अधिक संवाद स्थापित करने, उनके सुझावों को महत्व देने और पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि —
“ऋषिकेश को एक आदर्श, स्वच्छ और व्यवस्थित तीर्थनगरी के रूप में विकसित करना हम सभी का साझा लक्ष्य है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच मजबूत समन्वय अत्यंत आवश्यक है।”










