ऋषिकेश, 12 सितम्बर- आवाज़ साहित्यिक संस्था एवं गढ़भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति ढालवाला-मुनिकीरेती के संयुक्त तत्वावधान में राजभाषा हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर साहित्यिक उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह भव्य आयोजन 13 सितम्बर को होटल चंद्रा पैलेस, ढालवाला में सम्पन्न होगा।
इस अवसर पर आयोजित कवि सम्मेलन में इस बार विशेष रूप से बाल कवियों को मंच प्रदान किया जाएगा। समितियों ने विभिन्न विद्यालयों से संपर्क कर उन छात्र-छात्राओं को आमंत्रित किया है, जो कविता लेखन में रुचि रखते हैं, ताकि उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच मिल सके।
गढ़भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के संरक्षक आसाराम व्यास ने कहा कि यह आयोजन साहित्य और संस्कृति के प्रति समाज में नई चेतना जगाने का कार्य करेगा। वहीं, आवाज़ साहित्यिक संस्था के अध्यक्ष अशोक शर्मा ‘क्रेजी’ ने बताया कि समारोह में बाल कविताओं का संकलन ‘दादा जी की साइकिल’ का विमोचन उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. सुनील दत्त थपलियाल ने जानकारी दी कि इस अवसर पर प्रख्यात शिक्षाविद्-साहित्यकार स्व. द्वारिका प्रसाद मलासी की स्मृति में स्थापित आवाज़ साहित्यिक रत्न सम्मान 2025 भी प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान हर वर्ष लोकभाषा और लोकसंस्कृति को समर्पित साहित्यकारों को दिया जाता है। इससे पूर्व आलोक प्रभाकर, डॉ. आशा जुगलान, गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी, जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण सहित अनेक दिग्गजों को यह सम्मान मिल चुका है। इस वर्ष सम्मानित हस्ती की घोषणा समारोह स्थल पर ही की जाएगी।
बैठक में आसाराम व्यास, अशोक क्रेजी, विशालमणि पैन्यूली, गजेन्द्र सिंह कंडियाल, सुरेन्द्र सिंह भंडारी, महिपाल विष्ट, आचार्य संतोष व्यास, धनीराम विंजोला, प्रवीण व्यास सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।









