उत्तराखंडदेहरादून

केंद्र ने उत्तराखंड को आपदा राहत के लिए दी 455.60 करोड़ की सहायता

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री शाह का जताया आभार

दिल्ली/देहरादून, 12 सितम्बर – उत्तराखंड को आपदा राहत कार्यों के लिए केंद्र सरकार से बड़ी राहत मिली है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र ने स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फंड (एसडीआरएफ) के केंद्रीय अंश के रूप में 455 करोड़ 60 लाख रुपये की धनराशि अग्रिम तौर पर जारी कर दी है। यह राशि 15वें वित्त आयोग की संस्तुति के अनुरूप राज्य को उपलब्ध कराई गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का हृदय से आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह धनराशि राज्य में आपदा प्रबंधन, राहत और पुनर्वास कार्यों पर खर्च की जाएगी, जिससे आपदा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित मदद उपलब्ध कराई जा सकेगी।

हर मुश्किल समय में प्रधानमंत्री बने सहारा

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा उत्तराखंड को प्राथमिकता दी है। आपदा की हर घड़ी में प्रधानमंत्री ने प्रदेशवासियों को संबल प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता प्रधानमंत्री के इस सहयोग और संवेदनशीलता के लिए विशेष रूप से आभारी है।

आपदा प्रबंधन को मिलेगी मजबूती

राज्य सरकार का मानना है कि केंद्र से मिली यह धनराशि आपदा प्रभावित इलाकों में राहत और पुनर्वास के कार्यों को गति देने में सहायक होगी। साथ ही आपदा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक मजबूत करने का अवसर भी मिलेगा।

बता दें कि उत्तराखंड पर्वतीय राज्य होने के कारण भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से लगातार प्रभावित होता रहता है। ऐसे में केंद्र सरकार की ओर से मिली यह मदद आपदा प्रभावित लोगों को राहत देने में मील का पत्थर साबित होगी।

Related Articles

Back to top button