उत्तराखंड

‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशभर में गूंजा राष्ट्रगीत, सभी विद्यालयों व कार्यालयों में हुआ सामूहिक गायन

प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण हुआ, जिलाधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश — संस्कृति विभाग ने जारी किया आदेश

देहरादून (दिलीप शर्मा) 07 नवम्बर : भारतवर्ष के राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तराखण्ड में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में संस्कृति अनुभाग, उत्तराखण्ड शासन द्वारा समस्त प्रमुख सचिवों, आयुक्तों, जिलाधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी किये गये हैं।

संस्कृति सचिव युगल किशोर पन्त द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’, जिसे भारत के साहित्यिक पुनर्जागरण के प्रमुख साहित्यकार स्व. श्री बंकिम चन्द्र चटर्जी ने रचा था, वर्ष 2025 में 150 वर्ष पूर्ण कर रहा है। इस अवसर पर 07 नवम्बर, 2025 को पूरे प्रदेश में विविध कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।

आदेश के अनुसार, राज्य के अंतर्गत सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, इंजीनियरिंग, मेडिकल एवं संस्कृत संस्थानों सहित सरकारी और अर्द्धसरकारी कार्यालयों में प्रातः 10:00 बजे ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसके पश्चात् सभी संस्थानों में माननीय प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना जाएगा।

इसके साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि सभी आयोजनों के फोटो एवं वीडियो www.vandemataram150.in पोर्टल पर अपलोड किये जाएंगे। जिलाधिकारियों को इन कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन हेतु नोडल अधिकारी नामित करने के भी निर्देश दिये गये हैं। नोडल अधिकारी आयोजन से संबंधित जानकारी ई-मेल sectionculture263@gmail.com एवं व्हाट्सएप नंबर 9837540334 पर उपलब्ध कराएंगे।

संस्कृति विभाग ने सभी जिलाधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों से अपेक्षा की है कि वे इन कार्यक्रमों को गरिमामय ढंग से संपन्न कराएं, जिससे ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने का यह अवसर जनभागीदारी का राष्ट्रीय उत्सव बन सके।

Related Articles

Back to top button