अटाली गंगा के पास 150 मीटर गहरी खाई में गिरा ट्रक, SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
रात 9:15 बजे मिली सूचना के बाद SDRF की टीम ने विषम परिस्थितियों में तीन घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भिजवाया

टिहरी (दिलीप शर्मा): अटाली गंगा के समीप रविवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब एक ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना रात करीब 9:15 बजे पुलिस चौकी ब्यासी के माध्यम से SDRF को प्राप्त हुई, जिसके बाद तत्काल रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना की गई।

अपर उप निरीक्षक गब्बर सिंह के नेतृत्व में SDRF की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक (UK 08CA5698) में तीन लोग सवार थे, जो खाई में फंसे हुए थे।
SDRF टीम ने अंधेरे और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद कड़ी मशक्कत कर तीनों घायलों को स्ट्रेचर के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला और मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
घायलों की पहचान इस प्रकार है—
अब्दुल रहमान (29), पुत्र अकबर अली, निवासी गदमेरपुर, बहादराबाद, हरिद्वार;
प्रवेज (39), पुत्र मीर हसन, निवासी गदमेरपुर, बहादराबाद, हरिद्वार;
रिंकू (29), निवासी अफजरपुर, हरिद्वार।
फिलहाल तीनों घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। SDRF और स्थानीय प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा अनहोनी टल गई।









