उत्तराखंडऋषिकेशदेहरादूनपुलिस बुलेटिन

ऋषिकेश में महिला से चेन स्नैचिंग का प्रयास विफल, दो आरोपी गिरफ्तार

जागरूक नागरिकों की सतर्कता से मौके पर ही दबोचे गए आरोपी, घटना में प्रयुक्त बाइक और नंबर प्लेट छिपाने का सामान बरामद

ऋषिकेश, 3 अगस्त (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश पुलिस ने महिला से चेन स्नैचिंग का प्रयास करने वाले दो युवकों को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने महिला के गले से चेन छीनने का प्रयास किया था और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की, जिससे महिला घायल हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और वाहन की नंबर प्लेट छिपाने के लिए इस्तेमाल किया गया काला कपड़ा भी बरामद किया है।

दूध लेने जा रही महिला को बनाया निशाना

कोतवाली ऋषिकेश पुलिस के अनुसार 2 अगस्त 2026 को बैराज कॉलोनी निवासी रेखा त्यागी बैराज रोड पर दूध लेने जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनके गले से चेन छीनने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके गले पर खरोंच और अन्य चोटें आईं।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 356/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की धारा 309(5) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष पुलिस टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं घटना के अनावरण के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

जागरूक नागरिकों की सतर्कता से मौके पर ही पकड़े गए आरोपी

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद जागरूक नागरिकों ने साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए दोनों आरोपियों को उनकी मोटरसाइकिल सहित आईडीपीएल गोलचक्कर के पास पकड़ लिया और चौकी आईडीपीएल पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस द्वारा पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपियों ने पैसों के लालच में महिला की चेन छीनने का प्रयास करने तथा विरोध करने पर मारपीट करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों को बीएनएस की धारा 309(6) एवं 3(5) के तहत विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए गिरफ्तार कर लिया।

घटना में प्रयुक्त बाइक और अन्य सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UK07TD-7037, वाहन की नंबर प्लेट छिपाने के लिए इस्तेमाल किया गया काला कपड़ा तथा आरोपी विकास के कब्जे से पीले रंग की धातु की एक चेन भी बरामद की है। दोनों आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी

  • राहुल कुमार पुत्र बचन सिंह, निवासी खेल्लानी, जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर, उम्र 23 वर्ष।
  • विकास पुत्र संजय कुमार, निवासी खेल्लानी, जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर, उम्र 22 वर्ष।

बरामदगी

  • घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UK07TD-7037
  • वाहन की नंबर प्लेट छिपाने के लिए प्रयुक्त काला कपड़ा।
  • आरोपी विकास के कब्जे से पीले रंग की धातु की एक चेन।

सराहनीय पुलिस टीम

घटना के सफल अनावरण एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में हेड कांस्टेबल ईश कुमार, कांस्टेबल प्रदीप कुमार, कांस्टेबल सौरभ कुमार तथा कांस्टेबल राकेश शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button