
ऋषिकेश, 26 जून(दिलीप शर्मा): धार्मिक, आध्यात्मिक जनजागरण एवं पर्यावरण संरक्षण-संवर्धन जनचेतना अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली 19वीं गोमुख संकल्प कलश यात्रा से पूर्व शुक्रवार को त्रिवेणी घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का महाअभिषेक एवं कलश पूजन संपन्न हुआ। आचार्य ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधान से मां गंगा का पूजन एवं अभिषेक कर समस्त मानवता के कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई।

गोमुख संकल्प यात्रा के संस्थापक अध्यक्ष महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज ने बताया कि 27 जून से 1 जुलाई तक आयोजित होने वाली इस यात्रा का उद्देश्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक जनजागरण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और गंगा स्वच्छता के प्रति जनचेतना का प्रसार करना है। उन्होंने कहा कि मां गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को संकल्पबद्ध होकर प्रयास करना होगा। जब तक आमजन गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक नहीं होंगे, तब तक इस चुनौती का स्थायी समाधान संभव नहीं है।
पूजन कार्यक्रम में संस्कार योगशाला के अध्यक्ष आचार्य नवीन जोशी, श्री गंगा सेवा पर्यावरण सुरक्षा समिति के संरक्षक चंद्रवीर पोखरियाल, अध्यक्ष दिनेश डबराल, महंत जगदीश प्रपन्नाचार्य, महंत मनोज प्रपन्नाचार्य, महंत रामकृपाल दास, हर्षवर्धन शर्मा, पूर्व राज्य मंत्री संदीप गुप्ता, चेतन शर्मा, विवेक गोस्वामी, मनमोहन शर्मा, पार्षद रीना शर्मा, श्री गंगा सभा के सचिव राहुल शर्मा, कपिल गुप्ता, महेश गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने हवन एवं पूजन में सहभागिता कर गंगा संरक्षण का संकल्प लिया।
यात्रा के संयोजक महंत रवि प्रपन्नाचार्य ने बताया कि 27 जून को प्रातः 8 बजे ऋषिकेश स्थित भरत मंदिर से महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज की अध्यक्षता में 19वीं गोमुख संकल्प कलश यात्रा का शुभारंभ होगा। भरत मंदिर से कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, जिसके साथ ही यात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा।










