
ऋषिकेश, 26 जून(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शुक्रवार को अपने कैंप कार्यालय में ऋषिकेश विधानसभा के चारों मंडलों के पदाधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर बैठक की। बैठक में संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी कार्ययोजनाओं की रणनीति तय की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने और सभी मंडलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठन विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, श्यामपुर मंडल महामंत्री सतपाल राणा, रायवाला मंडल महामंत्री मनोज डंगवाल, वीरभद्र मंडल महामंत्री पुनीता भंडारी, ऋषिकेश मंडल महामंत्री नितिन सक्सेना, निखिल बर्थवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।










