अवैध चाकू के साथ युवक गिरफ्तार, चोरी की फिराक में घूम रहा था आरोपी
नशे का आदी अभियुक्त पुलिस गश्त के दौरान लेबर चौक से दबोचा, पहले भी एनडीपीएस एक्ट में दर्ज है मुकदमा

ऋषिकेश, 26 जून(दिलीप शर्मा): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर अपराधियों एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने एक युवक को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की नीयत से क्षेत्र में घूम रहा था और वह नशे का आदी भी है।
पुलिस द्वारा रात्रि गश्त एवं चेकिंग अभियान के दौरान लेबर चौक स्थित पुलिया के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दिव्यांशु (22 वर्ष) पुत्र राजकुमार खोसला खत्री, निवासी 72 सीढ़ी, ऋषिकेश, जिला देहरादून को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
इस संबंध में कोतवाली ऋषिकेश में मु.अ.सं. 254/2026 के तहत धारा 4/25(1-B)(b) आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।
आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी मु.अ.सं. 134/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा अब उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
बरामदगी
- एक अवैध चाकू
पुलिस टीम
- कांस्टेबल सौरभ (1009)
- कांस्टेबल प्रदीप कुमार (158)










