उत्तराखंडऋषिकेशलोकार्पण

गोपाल दास होम्योपैथिक अस्पताल में आधुनिक एक्स-रे मशीन का लोकार्पण, क्षेत्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत

विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल बोले— स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में सामाजिक संस्थाओं का योगदान सराहनीय

ऋषिकेश, 26 जून(दिलीप शर्मा): आम बाग विस्थापित क्षेत्र स्थित गोपाल दास होम्योपैथिक अस्पताल में शुक्रवार को नवीन एक्स-रे मशीन का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने विधिवत रिबन काटकर एक्स-रे मशीन का उद्घाटन किया तथा अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण भी किया।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने अस्पताल प्रबंधन द्वारा जनहित में किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सेवा और समर्पण की भावना से क्षेत्रवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत प्रशंसनीय पहल है। उन्होंने कहा कि नई एक्स-रे मशीन के शुरू होने से आम बाग विस्थापित क्षेत्र के लोगों को जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ऐसे में सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं का सहयोग इन प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाता है। उन्होंने आश्रम प्रबंधन और अस्पताल स्टाफ को इस पहल के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी जनसेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रखने का आह्वान किया। साथ ही चिकित्सकों से मरीजों की पूरी निष्ठा और सेवा भाव से देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम में दीपक तिवारी, जय कुमार तिवारी, राकेश कुमार, डॉ. संदीप कंडारी, डॉ. प्रवीण बिजलवान, श्रुति भट्ट, शिवानी भट्ट, श्रीमती लता बत्रा, श्रीमती रामेश्वरी, महेंद्र यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने अस्पताल द्वारा उपलब्ध कराई गई नई स्वास्थ्य सुविधा के लिए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button