ऋषिकेश पुलिस ने 133 ग्राम चरस के साथ तस्कर को दबोचा
आस्था पथ पर चेकिंग के दौरान कार्रवाई, मजदूरों और बाबाओं को बेचने ले जा रहा था नशा

ऋषिकेश, 26 जून(दिलीप शर्मा): जनपद को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने 133 ग्राम अवैध चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान आस्था पथ पर संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई। उसके पास मौजूद गुलाबी रंग के थैले से सफेद कपड़े में लिपटी 133 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोनू देव नाथ उर्फ बाटली (38 वर्ष) पुत्र निमाई देव नाथ, निवासी गंगा आश्रम, मायाकुंड, ऋषिकेश बताया।
हरिद्वार के चंडी घाट से लाया था चरस
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से नशे का आदी है और पहले भी नशा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। उसने स्वीकार किया कि वह हरिद्वार के पास चंडी घाट क्षेत्र से चरस लाया था और इसे ऋषिकेश के गंगा घाटों के आसपास रहने वाले मजदूरों एवं बाबाओं को बेचने की योजना थी। इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त से बरामद माल
- अभियुक्त के कब्जे से 133 ग्राम अवैध चरस
गिरफ्तार अभियुक्त
सोनू देवनाथ उर्फ बाटली पुत्र निमाई देवनाथ निवासी गंगा आश्रम माया कुंड ऋषिकेश जनपद देहरादून (उम्र 38 वर्ष)
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0-253/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद चरस को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 13 मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा चोरी सहित विभिन्न धाराओं में कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बिनेश कुमार, कांस्टेबल मोहकम सिंह तथा कांस्टेबल पुष्पेन्द्र राणा शामिल रहे।
ऋषिकेश पुलिस ने कहा है कि जनपद में नशे के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।










