उत्तरकाशीहादसा

सिंघताली पुल के पास गंगा में नहाते समय दिल्ली के दो युवक लापता, SDRF का सर्च अभियान जारी

तेज बहाव में बहने की आशंका, डीप डाइवर्स कर रहे तलाश; बढ़े जलस्तर और मटमैले पानी से रेस्क्यू अभियान में आ रही कठिनाई

ऋषिकेश, 27 जून(दिलीप शर्मा): बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिंघताली पुल के समीप गंगा नदी में स्नान के दौरान दिल्ली के दो युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गए। घटना शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की ढालवाला और ब्यासी पोस्ट की टीमें आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं और सर्च अभियान शुरू किया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली से छह युवकों का एक समूह सिंघताली पुल के पास गंगा नदी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान दो युवक नदी के बीच गहरे पानी में चले गए और तेज धारा की चपेट में आकर बह गए। साथियों ने तत्काल जिला कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी।

SDRF की प्रशिक्षित डीप डाइवर्स टीम संभावित स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चला रही है। स्थानीय पुलिस भी संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान में जुटी हुई है।

लापता युवकों की पहचान प्रेम (26 वर्ष), पुत्र हरीशचंद्र, निवासी जड़ौदा, बुराड़ी, नई दिल्ली तथा राजन (24 वर्ष), निवासी संगम विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। राजन के पिता का नाम अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

SDRF के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। नदी का पानी अत्यधिक मटमैला होने से सर्च अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। घटना की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को भी दे दी गई है।

SDRF की अपील

SDRF ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के दौरान गंगा और अन्य नदियों में जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में नदी के भीतर या असुरक्षित स्थानों पर स्नान करने से बचें तथा केवल अधिकृत और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों और चेतावनी बोर्डों का पालन कर अपनी एवं अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button