ऋषिकेश पुलिस ने 8 दिन में सुलझाई स्कूटी चोरी की गुत्थी, शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की एक्टिवा बरामद
सीसीटीवी फुटेज और सघन चेकिंग के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दबोचा, स्कूटी बेचने जा रहा था अभियुक्त; कई मामलों में पहले भी जा चुका है जेल।

ऋषिकेश, 27 जून(दिलीप शर्मा): कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली है। आरोपी चोरी की स्कूटी को बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे समय रहते दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, मीरानगर निवासी धीरेन्द्र ममंगई ने 25 जून को कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी (संख्या UK-14B-8505) 18 जून को घर के बाहर गली से चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान संदिग्ध की पहचान होने के बाद पुलिस ने गश्त और चेकिंग अभियान तेज कर दिया।
26 जून को पुलिस टीम ने लेबर कॉलोनी तिराहे के पास वन विभाग के पिलर संख्या 0386-0387 के समीप एक संदिग्ध युवक को चोरी की एक्टिवा के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आयुष छेत्री (22 वर्ष) निवासी आईडीपीएल गेस्ट हाउस के पास, ऋषिकेश बताया। वाहन के दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने स्कूटी मीरानगर की गली से चोरी की थी और उसे बेचने जा रहा था।
पुलिस ने चोरी की स्कूटी बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वाहन चोरी और अन्य अपराधों के कई मामले पहले से दर्ज हैं, जिससे वह पुलिस के लिए पहले से ही चिन्हित अपराधी रहा है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विवेक राठी एवं कांस्टेबल गौरव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










