क्रिकेट प्रतियोगिता के जरिए युवाओं को दिया नशामुक्त जीवन का संदेश
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सम्राट स्पोर्ट्स अकादमी ने जीता मुकाबला, अनिरुद्ध राणा बने मैन ऑफ द मैच

नई टिहरी, 27 जून(दिलीप शर्मा): नशा मुक्त भारत अभियान सप्ताह (17 से 26 जून 2026) के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बौराड़ी स्टेडियम, नई टिहरी में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियां युवाओं को सही दिशा देने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम हैं। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई।

क्रिकेट मैच सम्राट स्पोर्ट्स अकादमी और टिहरी टाइगर्स के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में सम्राट स्पोर्ट्स अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अनिरुद्ध राणा को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्त भारत अभियान से जोड़ना, उनमें खेल भावना का विकास करना तथा समाज में नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और दर्शकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी मयंक थपलियाल, आकाश श्रीवास्तव, शशि कुमार, चन्द्रमोहन राणा सहित अन्य अधिकारी, खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










