उत्तराखंडहरिद्वार

मुख्यमंत्री धामी बोले: युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत, गुरुकुल कांगड़ी में दिया आत्मनिर्भरता का मंत्र

युवा संवाद कार्यक्रम में स्टार्टअप, स्वरोजगार और पारदर्शी भर्ती पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

हरिद्वार (दिलीप शर्मा): गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवाओं के चेहरों पर दिखाई देने वाला आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण है कि भारत का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और संस्कारों का जीवंत प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 42 वर्ष से कम आयु की है। उन्होंने कहा कि आज का युवा नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि स्टार्टअप और नवाचार के माध्यम से रोजगार देने वाला “जॉब क्रिएटर” बन रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं को युवाओं के लिए नए अवसरों का आधार बताया।

उत्तराखण्ड में स्वरोजगार और रोजगार पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, कौशल विकास, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालय, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, सौर स्वरोजगार योजना, नई पर्यटन एवं फिल्म नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज हुआ है और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है। साथ ही नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखण्ड देश में प्रथम स्थान पर है।

नकल विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है तथा 34 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

कार्यक्रम में युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, कुलपति प्रतिभा लूथरा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button