
ऋषिकेश, 01 अगस्त(दिलीप शर्मा): स्वच्छ एवं हरित ऋषिकेश के निर्माण की दिशा में नगर निगम ऋषिकेश ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए गोविंद नगर स्थित डंपिंग ग्राउंड परिसर में स्थापित लीगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का विधिवत शुभारंभ कर दिया। स्थानीय विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल और नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने संयुक्त रूप से प्लांट का लोकार्पण किया।
नगर निगम के अनुसार, वर्षों से गोविंद नगर डंपिंग ग्राउंड में जमा पुराने कूड़े (लीगेसी वेस्ट) के वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल निस्तारण के उद्देश्य से इस अत्याधुनिक प्लांट की स्थापना की गई है। परियोजना के तहत नवंबर 2026 तक डंपिंग ग्राउंड में मौजूद समस्त पुराने कचरे का प्रसंस्करण कर उसका पूर्ण निस्तारण करने का लक्ष्य रखा गया है।
अब लालपानी प्लांट में पहुंच रहा है शहर का रोजाना कूड़ा
नगर निगम ने बताया कि पूर्व में शहर से निकलने वाला समस्त ठोस अपशिष्ट गोविंद नगर डंपिंग ग्राउंड में डंप किया जाता था, जिससे वर्षों में यहां बड़ी मात्रा में कूड़ा जमा हो गया। वर्तमान में शहर से प्रतिदिन निकलने वाला ठोस अपशिष्ट लालपानी स्थित आधुनिक ठोस अपशिष्ट निस्तारण संयंत्र में भेजा जा रहा है, जबकि गोविंद नगर में केवल पुराने लीगेसी वेस्ट के निस्तारण का कार्य किया जाएगा।
वैज्ञानिक तकनीक से होगा कूड़े का प्रसंस्करण
कार्यक्रम के दौरान कार्यदायी संस्था आकांक्षा एंटरप्राइजेज (इन एसोसिएशन विद बायोटा सेवियर प्राइवेट लिमिटेड) के प्रतिनिधियों ने लीगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग की वैज्ञानिक प्रक्रिया और प्लांट की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से पुराने कूड़े का पृथक्करण एवं प्रसंस्करण कर पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप उसका निस्तारण किया जाएगा।
महापौर बोले— स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त ऋषिकेश के लिए निगम प्रतिबद्ध
इस अवसर पर महापौर शंभू पासवान ने कहा कि नगर निगम ऋषिकेश शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। गोविंद नगर में वर्षों से जमा कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण से क्षेत्र की पर्यावरणीय स्थिति में उल्लेखनीय सुधार होगा और स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आधुनिक तकनीकों को अपनाकर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
अधिकारी, पार्षद और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
लोकार्पण समारोह में नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल, नगर निगम के सभी पार्षद, निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस परियोजना को ऋषिकेश के स्वच्छता अभियान में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताते हुए इसकी सराहना की।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
विशेषज्ञों का मानना है कि लीगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण से न केवल डंपिंग ग्राउंड का स्वरूप बदलेगा, बल्कि भूमि, जल और वायु प्रदूषण में भी कमी आएगी। साथ ही जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को कम करने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। नगर निगम का लक्ष्य नवंबर 2026 तक पूरे डंपिंग ग्राउंड को पुराने कूड़े से मुक्त कर स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल परिसर के रूप में विकसित करना है।











