
उधम सिंह नगर/गदरपुर(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गदरपुर बस स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ₹28.30 करोड़ (₹2,830.07 लाख) लागत की आठ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने फीता काटकर नवनिर्मित गदरपुर बस स्टेशन का भी लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने ₹6.94 करोड़ लागत की तीन पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण तथा ₹21.36 करोड़ की पांच नई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें विकासखंड कार्यालय भवन, सामुदायिक भवन, बस स्टेशन, सड़क निर्माण एवं विभिन्न क्षेत्रों में इंटरलॉकिंग टाइल मार्ग निर्माण कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से गदरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि गुलरभोज को भविष्य में प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “विकास भी, विरासत भी” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने गदरपुर क्षेत्र में शिक्षा, पेयजल, बाढ़ सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों का उल्लेख करते हुए आश्रम पद्धति कन्या विद्यालय के उच्चीकरण, चीनी मिल कर्मियों के सातवें वेतनमान के समाधान तथा गदरपुर महाविद्यालय में भविष्य में दो पीजी पाठ्यक्रम शुरू कराने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे, विधायक शिव अरोरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ रुद्रपुर रिंग रोड का भी निरीक्षण किया।










