उत्तराखंडटिहरी गढ़वालनरेंद्र नगरसमीक्षा बैठक

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान: नरेंद्रनगर विधानसभा में अपर आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य के निर्देश

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक, बीएलओ के कार्यों का भी लिया फीडबैक

नरेंद्र नगर/टिहरी, 31 जुलाई(दिलीप शर्मा): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत गढ़वाल मंडल के अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान ने शुक्रवार को टिहरी गढ़वाल जनपद के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-11 नरेंद्रनगर का भ्रमण कर अभियान की प्रगति का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अभियान की स्थिति जानी तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अभियान की प्रगति पर विस्तृत समीक्षा

भ्रमण के दौरान आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) ने भाग लिया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों, प्राप्त उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान ने अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों और समयसीमा का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए अभियान को प्रभावी बनाया जाए।

राजनीतिक दलों के साथ हुई महत्वपूर्ण चर्चा

समीक्षा बैठक के बाद अपर आयुक्त ने जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और सहभागी बनाने में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव भी प्राप्त किए गए।

मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण, बीएलओ से ली जानकारी

बैठक के उपरांत अपर आयुक्त ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर के साथ विधानसभा क्षेत्र-11 नरेंद्रनगर के अंतर्गत चार मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाता सत्यापन, प्रपत्रों के वितरण एवं प्राप्ति तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाते हुए आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।

ये अधिकारी रहे उपस्थित

निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिला अधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, तहसीलदार नरेंद्रनगर विनोद तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button