उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

भारी बारिश में तत्परता से जुटी पालिका, अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने संभाला मोर्चा

क्षेत्रवासियों से की सतर्क रहने की अपील, राहत कार्यों की निगरानी में जुटीं

टिहरी/मुनिकीरेती, 6 अगस्त – मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के अंतर्गत आने वाले शीशम झाड़ी, 14 बीघा और ढालवाला क्षेत्र की अधिकांश गलियों और घरों में पानी व मलबा भर गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने मोर्चा संभालते हुए न केवल कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों को तत्काल राहत कार्यों में जुटने के निर्देश दिए, बल्कि स्वयं भी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रूप से मौजूद रहीं।

पालिका अध्यक्ष की सूझबूझ और सक्रियता से राहत कार्यों को गति मिली। पालिका की टीम दिन-रात अलर्ट मोड पर रहकर जेसीबी, टुल्लू पंप और मोटर पंपों की सहायता से जल निकासी और मलबा हटाने के काम में जुटी रही। मंगलवार रात और बुधवार को भी पालिका कर्मियों ने कई घरों और गलियों से पानी व मलबा हटाकर लोगों को राहत पहुंचाई।

इस कठिन समय में पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण स्वयं क्षेत्र में पहुंचकर राहत कार्यों का निरीक्षण कर रही हैं और हर स्तर पर निगरानी बनाए हुए हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि सभी सतर्क रहें, अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में निकटतम पालिका कर्मचारियों से संपर्क करें।

नीलम बिजल्वाण ने कहा, “क्षेत्र की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी से सहयोग की अपेक्षा है ताकि मिलकर इस प्राकृतिक आपदा का सामना किया जा सके।”

पालिका अध्यक्ष की त्वरित कार्रवाई, जनसंवेदनशीलता और समर्पण ने उन्हें क्षेत्र में एक जिम्मेदार और सजग जनप्रतिनिधि के रूप में स्थापित किया है।

Related Articles

Back to top button