चमोली के नंदानगर में बादल फटा, SDRF का साहसिक रेस्क्यू अभियान जारी

चमोली, 18 सितम्बर – चमोली जनपद के नंदानगर क्षेत्र में बुधवार तड़के बादल फटने से भारी तबाही मच गई। नगर पंचायत नंदानगर के कुन्तरी लगाफाली, कुन्तरी लगा सरपाणी और धूर्मा वार्ड में हुई इस आपदा में अब तक 27 से 30 मकान व गौशालाओं के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है।

10 लोग मलबे में लापता, कई घायल
स्थानीय पुलिस के अनुसार, घटना में करीब 10 लोग मलबे में लापता बताए जा रहे हैं। वहीं, राहत-बचाव कार्य के दौरान दो महिलाओं और एक बच्चे को घायल अवस्था में निकालकर उपचार के लिए भेजा गया है। प्रशासन, पुलिस और DDRF की टीमें मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
कठिन रास्तों से पहुँची SDRF टीम
घटना की सूचना तड़के करीब 3 बजे जिला नियंत्रण कक्ष चमोली को प्राप्त हुई, जिसके बाद SDRF पोस्ट गोचर से उप निरीक्षक जगमोहन के नेतृत्व में रेस्क्यू दल को रवाना किया गया। लगातार बारिश और मार्ग अवरुद्ध होने से टीम को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन जांबाज जवानों ने हिम्मत नहीं हारी और करीब 8 किमी पैदल चलकर घटनास्थल तक पहुँचे।
युद्धस्तर पर चल रहा राहत-बचाव
एसडीआरएफ के जवान स्थानीय पुलिस व प्रशासन के साथ समन्वय बनाते हुए मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।
SDRF की त्वरित कार्यवाही सराहनीय
ऐसे विपरीत हालात में भी SDRF ने जिस साहस और तत्परता का परिचय दिया है, वह काबिले तारीफ है। भारी बारिश, बंद मार्ग और जोखिम भरे हालातों के बावजूद टीम ने घटनास्थल तक पहुँचकर राहत कार्य शुरू किए, जिससे प्रभावित ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
यह जज़्बा और सेवा भावना ही SDRF को आपदा प्रबंधन की रीढ़ बनाता है।









