ऋषिकेश, 17 सितम्बर – पहाड़ का सबसे जटिल और संवेदनशील मार्ग माने जाने वाले गुजराडा गाँव का संपर्क मार्ग एक बार फिर सुर्खियों में है। बरसात का मौसम आते ही यह मार्ग कभी मलबे, कभी बोल्डरों और कभी धंसाव के कारण बंद हो जाता है। बुधवार को इस गंभीर समस्या का जायजा लेने खुद नरेंद्रनगर विधायक एवं प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल गाँव पहुंचे। ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी पीड़ा सुनते हुए मंत्री ने कहा कि “गुजराडा की हालत बेहद खराब है। ग्रामीण चैन से सो नहीं पा रहे हैं। अगर सर्वे और परीक्षण के बाद विस्थापन ही एकमात्र विकल्प होगा, तो सरकार इस दिशा में भी ठोस कदम उठाएगी।”

सेवा पखवाड़े की शुरुआत, गंगा रिसोर्ट में हुए कार्यक्रम
गुजराडा से लौटकर मंत्री उनियाल ऋषिकेश के गंगा रिसोर्ट पहुंचे, जहाँ नरेंद्र नगर वन प्रभाग, मुनि की रेती की ओर से आयोजित सेवा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। सेवा पर्व का आयोजन 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर 2025 तक चलेगा। इस मौके पर वन मंत्री सुबोध उनियाल और न.पा.प. अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने सामूहिक रूप से रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की और हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता रैली को रवाना किया।
मंत्री बोले—ग्रामवासियों की समस्या प्राथमिकता
मंत्री ने स्पष्ट किया कि गुजराडा गाँव के लोग हर बारिश में संकट झेल रहे हैं। “उनके जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा लाना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। सरकार रिपोर्ट और सर्वे के आधार पर निर्णायक कदम उठाएगी।”
सेवा पखवाड़े के तहत चलेंगे विशेष अभियान
सेवा पखवाड़े के दौरान वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से कई जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे
- सामूहिक स्वच्छता अभियान
- सामुदायिक वृक्षारोपण अभियान
- एकल प्रयोग प्लास्टिक निषेध अभियान
- कचरा अपशिष्ट प्रबंधन
- कचरा पृथक्करण जागरूकता कार्यक्रम
गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर समीर सिन्हा (HoFF), मुनि की रेती-ढालवाला नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, भाजपा मंडल अध्यक्ष ग्रामीण रमेश पुंडीर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, राकेश कुमार पुरी, रीना उनियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
यह रिपोर्ट ग्रामीण समस्याओं के प्रति सरकार की गंभीरता और सेवा पखवाड़े की शुरुआत के रूप में क्षेत्रवासियों के लिए उम्मीद की किरण है।










