उत्तराखंड

परमार्थ विद्या मन्दिर का वार्षिकोत्सव उल्लास और गरिमा के साथ सम्पन्न

कन्या पूजन, शैक्षिक निरीक्षण, अतिथियों का सम्मान और विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ बनीं आकर्षण का केंद्र

ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): परमार्थ विद्या मन्दिर में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ कन्याओं के पूजन एवं सम्मान के साथ किया गया, जिसमें नारी-सम्मान और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी महाराज, साध्वी भगवती सरस्वती जी एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने विद्यालय के कक्षों, प्रयोगशालाओं, साइट्स व लेब्स का निरीक्षण कर शैक्षिक सुविधाओं की सराहना की। स्वामी जी ने कहा कि शिक्षा संस्कार, सेवा और संवेदना से जुड़ी होनी चाहिए, और परमार्थ विद्या मन्दिर इस दिशा में आदर्श कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में ऋषिकेश के महापौर श्री शंभू पासवान, एसडीएम श्री योगेश सिंह मेहरा सहित देश-विदेश से आए अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यालय के अनुशासन, शैक्षिक दृष्टिकोण और सांस्कृतिक मूल्यों की प्रशंसा की।

विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन हेतु स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी महाराज स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्यनिष्ठ, अनुशासित और समाजसेवी बनने का संदेश दिया। साध्वी भगवती सरस्वती जी ने बच्चों को आत्मविश्वास और वैश्विक दृष्टि के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अंत में अतिथियों को रुद्राक्ष का दिव्य पौधा भेंट किया गया, साथ ही “एक पेड़ माँ के नाम” और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को यादगार बना दिया।

Related Articles

Back to top button