ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): दिनांक 23 दिसंबर, 2025 को नगर निगम कार्यालय, आई.एस.बी.टी. परिसर में माननीय महापौर शम्भू पासवान की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य के.एफ.डब्ल्यू. (KfW) जर्मन बैंक द्वारा वित्त पोषित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना तथा उनके शीघ्र क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करना रहा।
बैठक में KfW जर्मन वित्त पोषित योजना के अंतर्गत शहर में प्रस्तावित सीवरेज ट्रीटमेंट परियोजना, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, सफाई उपकरणों की खरीद और अन्य बुनियादी ढांचागत विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान यू.यू.एस.डी.ए. और स्थानीय निकायों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप शहर का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महापौर ने कहा कि इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा आधुनिक और टिकाऊ बुनियादी ढांचा विकसित करना है।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, परियोजना प्रबंधक जतिन सिंह सैनी, सहायक अभियंता एम.डी.डी.ए. अभिषेक भारद्वाज, वन दरोगा सुनील भदूला, नगर पंचायत स्वर्गाश्रम से दीपक शर्मा एवं विक्रम सिंह, डॉ. विनय राठी, धर्मेन्द्र प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।










