
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): भारतीय साहित्य संगम द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, पुस्तक विमोचन एवं सम्मान समारोह का आयोजन पी.एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल के सभागार में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि मंत्री गणेश जोशी, भारतीय साहित्य संगम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र रांगड़ तथा फिल्म निर्माता डॉ. राजेश डोभाल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया।
भारतीय साहित्य संगम द्वारा ऑनलाइन व्याख्यान माला एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन की 330 श्रृंखलाओं के सफल आयोजन पर संस्था ने विश्व कीर्तिमान स्थापित किया, जिसके लिए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड लंदन द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान कृषि मंत्री गणेश जोशी द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र रांगड़, डॉ. राजेश डोभाल, मनोज कुमार गुप्ता, शंभू प्रसाद भट्ट, संजीव कुमार चौहान एवं डॉ. देवीदिन अविनाशी को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की धरती सदैव कवियों एवं साहित्यकारों की भूमि रही है, जिन्होंने समाज को साहित्यिक व सांस्कृतिक चेतना प्रदान की है। उन्होंने कहा कि डॉ. धीरेंद्र रांगड़ द्वारा साहित्य के क्षेत्र में स्थापित यह विश्व कीर्तिमान पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड लंदन के अध्यक्ष डॉ. अविनाश दी शकुंडे ने अपने संदेश के माध्यम से भारतीय साहित्य संगम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए संस्था को नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
कवि सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ. धीरेंद्र रांगड़ ने की। विशेष अतिथि के रूप में एम.आर. सकलानी एवं रंगकर्मी विमल बहुगुणा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोज कुमार गुप्ता ने किया।
कवि सम्मेलन में डॉ. एम.आर. सकलानी, डॉ. राजेश डोभाल, अरुणा वशिष्ठ, चित्रा शर्मा, किरण नैथानी, दिनेश भट्ट, शंभू प्रसाद भट्ट स्नेहिल, डॉ. एस.एन. बडोनी, हर्ष मणि भट्ट सहित अनेक कवियों एवं साहित्यकारों ने विविध विषयों पर काव्य पाठ प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने फिल्म निर्माता स्वप्निल सिन्हा एवं समाजसेवी निरंजन डोभाल को समाज और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर शंभू प्रसाद भट्ट स्नेहिल की धर्म आस्था परिपथ, डॉ. मुनेंद्र राम सकलानी की आजादी का अमृत महोत्सव और राजभाषा हिंदी की प्रगति, डॉ. राजेश डोभाल की श्रद्धांजलि तथा श्रीमती अरुणा वशिष्ठ की मित्र संस्मरण पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। साथ ही कवियों एवं साहित्यकारों को “गढ़वाल साहित्य सम्मान” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में देवेश्वर प्रसाद रतूड़ी, विजय पाल सिंह, नरेंद्र सिंह रावत, ललित मोहन जोशी, श्रीमती अनामिका रावत, सुशील सैनी, विवेक भारत गौड़, भगवान सिंह रांगड़, विशाल मणि पैन्यूली, सरदार हरचरण सिंह, रमेश पैन्यूली, अनिल कुकरेती, मनोज काला, प्रेमलाल कंडवाल, सुमित्रा पवार, निर्मल रांगड़, हुकुम सिंह रांगड़, धनपाल सिंह, शूरवीर सिंह, ऊषा भंडारी सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।









