उत्तराखंडमुनि की रेती

खारा स्रोत क्षेत्र में दुकानों के निर्माण से बढ़ेगी नगर पालिका की आय

वार्ड 01 में व्यवसायिक इकाइयाँ विकसित करने का सभासद मीनू व रोहित गोडियाल ने दिया प्रस्ताव

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): मुनि-की-रेती -ढालवाला नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 01 अंतर्गत खारा स्रोत क्षेत्र में नगर पालिका की भूमि पर दुकानों का निर्माण कर आय के स्रोत बढ़ाने का प्रस्ताव सामने आया है। इस संबंध में वार्ड सभासद श्रीमती मीनू तथा पूर्व विधायक प्रतिनिधि रोहित गोडियाल ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी को पत्र प्रेषित किया है।

पत्र में कहा गया है कि खारा स्रोत क्षेत्र में नगर पालिका के अंतर्गत कुछ ऐसे स्थान उपलब्ध हैं, जहां नियमानुसार व्यवसायिक इकाइयों का निर्माण किया जा सकता है। यदि इन दुकानों का निर्माण कर उन्हें किराये अथवा नीलामी के माध्यम से आवंटित किया जाता है, तो इससे नगर पालिका की आय में निरंतर वृद्धि हो सकती है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में नगर पालिका के आय के स्रोत सीमित हैं, जबकि विकास कार्यों एवं जनहित सुविधाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में नगर पालिका द्वारा स्वयं दुकानों का निर्माण कर राजस्व अर्जित करना एक प्रभावी और स्थायी समाधान हो सकता है।

प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया गया है कि दुकानों के निर्माण से जहां नगर पालिका को आर्थिक लाभ होगा, वहीं स्थानीय लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। इस पहल से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button