उत्तराखंडऋषिकेश

महंत महेंद्र दास महाराज का ऋषिकेश में भव्य स्वागत, ‘घर-घर रामायण’ संदेश को मिला अंतरराष्ट्रीय विस्तार

लंदन से आध्यात्मिक यात्रा पूर्ण कर लौटने पर प्राचीन हनुमान मंदिर रामझूला में हुआ दिव्य अभिनंदन, श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया

ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने वाले प्राचीन हनुमान मंदिर रामझूला के महंत महेंद्र दास महाराज के लंदन से एक माह की अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक यात्रा पूर्ण कर लौटने पर ऋषिकेश में उनका भव्य एवं दिव्य स्वागत किया गया। यह स्वागत ऋषिकेश रामायण प्रचार समिति, तुलसी मानस मंदिर एवं श्री दर्शन महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर तुलसी मानस मंदिर के महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज, श्री दर्शन महाविद्यालय के ऋषि कुमारों सहित अन्य संतों ने वेद मंत्रों के उच्चारण, पुष्प वर्षा एवं माल्यार्पण के साथ महंत महेंद्र दास महाराज का अभिनंदन किया। पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन जन चेतना अभियान ‘गोमुख संकल्प यात्रा’ के संस्थापक अध्यक्ष महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज ने शॉल एवं पुष्प हार पहनाकर उनका विशेष स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महंत महेंद्र दास महाराज ने कहा कि उनकी एक माह की अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक यात्रा का उद्देश्य “घर-घर रामायण, हर घर रामायण” के संदेश को विश्व पटल पर पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से उन्हें अपार प्रेम और स्नेह प्राप्त हुआ तथा भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर मिला।

उन्होंने रामायण को केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाली भारतीय मूल्यों की पाठशाला बताया। महंत महेंद्र दास महाराज ने कहा कि श्रीरामचरितमानस मानवता को धर्म, करुणा, सेवा, संयम और कर्तव्य का मार्ग दिखाने वाला आलोक स्तंभ है, जो युगों-युगों तक प्रेरणा देता रहेगा।

महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज ने कहा कि यह भारत के लिए शुभ संकेत है कि युवा संत समाज आगे आकर पूरे विश्व में सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार कर रहा है और अपने पूर्वजों से मिली सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ा रहा है।

इस अवसर पर महंत महेंद्र दास महाराज, महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज, महंत मनोज प्रपन्नाचार्य, महंत जगदीश प्रपन्नाचार्य, महाराज सुनील नौटियाल, अनूप रावत सहित अनेक संत, श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button