शीशम झाड़ी आस्था पथ पर नवनिर्मित पुलिस बूथ का शुभारंभ
पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण व सभासद ब्रिजेश गिरी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया उद्घाटन

मुनिकीरेती/ टिहरी, (दिलीप शर्मा): शीशम झाड़ी आस्था पथ में नगर पालिका द्वारा निर्मित पुलिस बूथ का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं वार्ड संख्या 04 के सभासद ब्रिजेश गिरी ने पूजा-अर्चना के उपरांत रिबन काटकर पुलिस बूथ का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि बीते काफी समय से आस्था पथ क्षेत्र में नशेड़ियों द्वारा चोरी व अन्य आपराधिक गतिविधियों की शिकायतें नगर पालिका कार्यालय में प्राप्त हो रही थीं। क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां पुलिस बूथ का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि पूरा पालिका बोर्ड जनसेवा के कार्यों के लिए समर्पित है।
पालिकाध्यक्ष ने यह भी कहा कि युवाओं और बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए शीघ्र ही महिलाओं के एक समूह का गठन किया जाएगा, जिसमें पुलिस प्रशासन का सहयोग अपेक्षित रहेगा।
वहीं सभासद ब्रिजेश गिरी ने शीशम झाड़ी आस्था पथ में पुलिस बूथ के खुलने पर पालिकाध्यक्ष एवं समस्त पालिका बोर्ड का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आस्था पथ के समीप शौचालय निर्माण की मांग भी रखी तथा बताया कि शीघ्र ही शीशम झाड़ी में स्थानीय लोगों की सुविधा हेतु एक सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं आश्रम संचालकों ने भी पुलिस बूथ के निर्माण पर नगर पालिका बोर्ड का आभार जताया।
कार्यक्रम में स्वामी नारायण आश्रम के सलाहकार सौरभ रणाकोटी, पुलिस उपनिरीक्षक आदेश शर्मा, सफाई निरीक्षक कमल सिंह चौहान, सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण, स्वामी प्रमोद कृष्णानंद, स्वामी मनोहर पांडे, गोपाल गिरी, नत्थूराम, मुकेश सैनी, बृजमोहन भारद्वाज, राजपाल, लक्खू, गायत्री देवी, सुनीता देवी, सुमन देवी, कुसुम गिरी, दीपक शर्मा, दीपक राजपूत, प्रियंका पंवार, भीष्म यादव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।









