स्काउट–गाइड ने सीखे आपदा से बचाव के उपाय
एसडीआरएफ ने दिया सीपीआर, डूबते व्यक्ति को बचाने व आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

मुनिकीरेती/टिहरी, 26 दिसंबर (दिलीप शर्मा): मुनि कीरेती-ढालवाला श्री लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाई स्कूल, मुनि कीरेती-ढालवाला में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, जनपद टिहरी गढ़वाल (ब्लॉक नरेंद्र नगर) द्वारा आयोजित तृतीय सोपान जांच शिविर के अंतर्गत स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षणार्थियों को आपदा प्रबंधन और जन-सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशिक्षण दिए गए।
शिविर के दौरान आज का कार्यक्रम प्रातःकालीन दिनचर्या के उपरांत बीपी-6 अभ्यास से प्रारंभ हुआ। इसके बाद ध्वज शिष्टाचार, फर्स्ट एड तथा आयुर्वेदिक उपचार का प्रशिक्षण दिया गया।

हाइकिंग के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक जानकारी
प्रशिक्षण के क्रम में स्काउट एवं गाइड ने त्रिवेणी घाट, जानकी झूला एवं हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा तक हाइकिंग की। इस दौरान उन्होंने प्रकाश पर्व के महत्व के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
एसडीआरएफ ने दिया आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण
शिविर के विशेष सत्र में एसडीआरएफ टीम के हेड कांस्टेबल पंकज सिंह खारोला सहित कांस्टेबल मातवर सिंह, रविंद्र सिंह, अजय गुसाईं एवं पंकज बिष्ट ने प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से बचाव के रक्षात्मक उपायों की जानकारी दी।
इसमें प्रमुख रूप से सीपीआर देना, आपदा से बचाव, डूबते व्यक्ति को सुरक्षित निकालना तथा एफबीएओ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। सभी स्काउट एवं गाइड ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए आपदा एवं जन-सुरक्षा में प्रयुक्त उपकरणों और औजारों का कुशलतापूर्वक प्रदर्शन किया।
गांठ परीक्षा एवं प्रशिक्षकों का योगदान
तत्पश्चात जिला कमिश्नर रमेश चंद्र रतूड़ी द्वारा प्रशिक्षणार्थियों की गांठ संबंधी परीक्षा ली गई।
शिविर में विभिन्न गतिविधियों एवं परीक्षाओं के संचालन हेतु प्रशिक्षकों की नियुक्ति की गई। प्रशिक्षण एवं संचालन में डॉ. संध्या पवार (प्रशिक्षण आयुक्त गाइड), श्रीमती अनुरागी बौद्ध (संगठन आयुक्त गाइड), आदित्य नारायण सिंह (जिला संगठन आयुक्त स्काउट), अखिलेश जोशी (ब्लॉक प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट), अनिल कुकरेती (ब्लॉक संगठन आयुक्त स्काउट), बी.पी. सिंह यादव (जिला सचिव स्काउट एंड गाइड), जयराम कुशवाहा (ब्लॉक सचिव), रामकृष्ण पोखरियाल (ब्लॉक प्रशिक्षण आयुक्त) सहित विश्व प्रकाश मेहरा (मीडिया कोऑर्डिनेटर, भारत स्काउट एंड गाइड उत्तराखंड) का विशेष योगदान रहा।
इसके साथ ही करम सिंह बिहानिया, श्रीमती सीमा भंडारी, श्रीमती शीतल तथा राजकीय इंटर कॉलेज की श्रीमती उषा तिवारी सहित अन्य सहयोगियों ने भी शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।









