सोर्स सेग्रीगेशन अपनाने वालों को नगर पालिका ने किया सम्मानित
आश्रमों, होटलों व नागरिकों को पौधे व इको-फ्रेंडली किट भेंट, स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक

मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती–ढालवाला द्वारा कूड़े को सोर्स पर पृथक कर सेग्रीगेट रूप में देने वाले आश्रमों, होटलों एवं नागरिकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजित सोर्स सेग्रीगेशन जागरूकता एवं सम्मान समारोह में स्वच्छता के प्रति अनुकरणीय पहल करने वालों को प्रोत्साहित किया गया।

पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने बताया कि कार्यदाई संस्था जेबीबी टेक्नोक्रेट के माध्यम से निकाय के कूड़ा वाहनों में सेग्रीगेट कूड़ा देने वालों तथा कूड़े को स्रोत पर ही पृथक करने वालों का वार्डवार सर्वे किया गया था। सर्वे के आधार पर एक सूची तैयार की गई, जिसके तहत शुक्रवार को वार्ड संख्या 01, 02, 04 एवं 10 में चयनित आश्रमों, होटलों और नागरिकों को सम्मानित किया गया।

सम्मान स्वरूप लाभार्थियों को तुलसी का पौधा, जूट बैग की किट एवं कपड़े के थैले प्रदान किए गए। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने नगरवासियों से कूड़े को सोर्स पर ही पृथक करने तथा कूड़ा वाहनों में सेग्रीगेट कूड़ा देने की अपील की।

कार्यक्रम में सभासद विनोद खंडूडी, ब्रिजेश गिरी, विनोद सकलानी, सभासद प्रतिनिधि रोहित गोडियाल, मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण तथा कार्यदाई संस्था जेबीबी टेक्नोक्रेट के सुपरवाइजर जतन कोटियाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









