
देहरादून, 26 दिसम्बर(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को तिब्बती मार्केट स्थित ओल्ड मल्टीपरपज हॉल में आयोजित सांसद खेल महोत्सव-2025 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्र निर्माण, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। उन्होंने राजनीति को सत्ता का नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का माध्यम माना और युवाओं व खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का सपना देखा। आज खेलों के माध्यम से आत्मविश्वासी और अनुशासित युवा भारत का निर्माण, अटल जी के विचारों को सच्ची श्रद्धांजलि है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से समापन समारोह में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से प्रारंभ हुआ सांसद खेल महोत्सव अब केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि गांव-गांव से खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का प्रभावी मंच बन चुका है। इस महोत्सव के माध्यम से युवा खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव “फिट इंडिया, स्पोर्ट्स इंडिया, स्ट्रॉन्ग इंडिया” के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके जरिए स्थानीय, पारंपरिक और लोक खेलों को नया जीवन मिला है, साथ ही बच्चों और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिली है। खेल युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का सशक्त माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर राज्य के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है। अब उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है और “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” के तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी, जहां प्रतिवर्ष सैकड़ों खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हल्द्वानी में प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय तथा लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी दी जा रही है। साथ ही मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना के माध्यम से युवाओं को निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये की सम्मान राशि से सम्मानित किया गया है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, लोकसभा सांसद श्रीमती माला राज्य लक्ष्मी शाह, दायित्वधारी श्रीमती विनोद उनियाल, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और गणमान्य उपस्थित रहे।









