ऋषिकेश में रेलवे ट्रैक पर धरना, कई ट्रेनें प्रभावित; RPF ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
वन विभाग की पैमाइश के विरोध में गेट संख्या-03 पर घंटों ट्रैक बाधित, धारा 174(ए) के तहत मामला दर्ज

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): कोतवाल के. सी. भट्ट द्वारा जानकारी दी गई की 28 दिसंबर 2025 को योग नगरी ऋषिकेश रेलवे सेक्शन में रेलवे ट्रैक बाधित किए जाने का मामला सामने आया है। वन विभाग द्वारा की जा रही भूमि पैमाइश के विरोध में अज्ञात लोगों ने गेट संख्या-03 एसपीएल (RKSH–VRH) पर रेलवे ट्रैक पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया, जिससे कई ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ।

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को स्टेशन मास्टर वीरभद्र से दोपहर 12:40 बजे सूचना मिली कि कुछ लोग रेलवे ट्रैक पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही IPF सरोज कुमार मय स्टाफ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर सिविल पुलिस ऋषिकेश पहले से मौजूद थी। बाद में उपजिलाधिकारी (SDM) ऋषिकेश, क्षेत्राधिकारी (CO) सिविल पुलिस ऋषिकेश, डीएफओ देहरादून तथा जीआरपी ऋषिकेश भी मौके पर पहुंचे।
SDM ऋषिकेश द्वारा प्रदर्शनकारियों से रेलवे ट्रैक खाली करने की अपील की गई और उद्घोषणा के माध्यम से चेतावनी दी गई कि ट्रैक बाधित करने से रेल संचालन प्रभावित हो रहा है तथा कानूनन कार्रवाई की जा सकती है। इस पर प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वन विभाग द्वारा उनके घरों की जमीन की पैमाइश कर चिन्हांकन किया जा रहा है, जिसके विरोध में वे आंदोलन कर रहे हैं।
प्रशासन और पुलिस द्वारा काफी समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी उग्र हो गए, जिस कारण तत्काल ट्रैक खाली नहीं कराया जा सका। हालांकि अंधेरा और ठंड बढ़ने तथा मौके पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते प्रदर्शनकारी लगभग शाम 5:30 बजे स्वतः ही ट्रैक छोड़कर चले गए।
इसके बाद PWI ऋषिकेश द्वारा शाम 6:00 बजे ट्रैक को फिट घोषित किया गया और लगभग 6:25 बजे RPF, GRP व सिविल पुलिस की मौजूदगी में रेल यातायात सुचारू कराया गया। इस दौरान ट्रेन संख्या 14816, 22659, 19032, 14815, 14609 और 19610 प्रभावित रहीं।
RPF के अनुसार आंदोलनकारियों की उग्र भीड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए किसी की गिरफ्तारी संभव नहीं हो सकी। प्रदर्शन की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई है। रेलवे ट्रैक बाधित करने की इस घटना को रेलवे अधिनियम की धारा 174(ए) के अंतर्गत अपराध मानते हुए RPF पोस्ट योग नगरी ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 65/2025 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज किया गया है।
मामले की अग्रिम जांच ASI गोविन्द सिंह गुर्जर को सौंपी गई है। मुकदमे की सूचना उच्चाधिकारियों एवं क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट को प्रेषित कर दी गई है।









