उत्तराखंडऋषिकेश

त्रिवेणी घाट पर 30 दिसंबर को सजेगी ‘पांडव नाइट’, लोक सुरों के साथ गूंजेगी सनातन संस्कृति

पाण्डवाज बैंड के आयोजन में करिश्मा शाह और रूहान भारद्वाज बिखेरेंगे लोक संगीत का जादू, 31 दिसंबर को होगा ब्राह्मण सम्मेलन

ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक बैंड पाण्डवाज की ओर से तीर्थ नगरी ऋषिकेश के ऐतिहासिक त्रिवेणी घाट पर 30 दिसंबर को ‘पांडव नाइट’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस विशेष सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक करिश्मा शाह एवं रूहान भारद्वाज अपने मधुर सुरों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।

 

रविवार को एम्स रोड़ स्थित मोदी योगा रिट्रीट में आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजक मंडल के सदस्य पंकज भट्ट ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पांडव नाइट में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संगीत प्रेमी एवं पर्यटक प्रतिभाग करेंगे। यह आयोजन एक वैश्विक आध्यात्मिक सम्मेलन का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों का विश्व स्तर पर प्रचार-प्रसार करना है।

पंकज भट्ट ने बताया कि इस सम्मेलन का आयोजन प्रमुख उद्योगपति एवं ‘राज ऋषि’ की उपाधि से सम्मानित भूपेंद्र कुमार मोदी द्वारा भारत को विश्व गुरु बनाने की मुहिम के तहत किया जा रहा है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य लोगों को सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और भारतीय जीवन मूल्यों से रूबरू कराना है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 31 दिसंबर को इसी क्रम में ब्राह्मण सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न राज्यों से विद्वानजन, धर्माचार्य एवं समाज के गणमान्य लोग भाग लेंगे।

 

इस भव्य आयोजन के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट होंगे। पत्रकार वार्ता में योगाचार्य लक्ष्मण नारायण जोशी तथा केरल से आए प्रदीप भी उपस्थित रहे।

आयोजकों के अनुसार, त्रिवेणी घाट पर आयोजित होने वाली पांडव नाइट न केवल लोक संगीत का उत्सव होगी, बल्कि यह कार्यक्रम आध्यात्मिकता, संस्कृति और लोक परंपराओं के संगम के रूप में एक यादगार आयोजन सिद्ध होगा।

Related Articles

Back to top button