उत्तराखंडऋषिकेशट्रैफिक व्यवस्था

नव वर्ष 2026 पर ऋषिकेश में यातायात व्यवस्था बदली, डायवर्जन प्लान जारी

भीड़ नियंत्रण को लेकर पार्किंग स्थल चिन्हित, ई-रिक्शा स्टॉपेज जीरो जोन घोषित, भारी वाहनों पर लग सकता है प्रतिबंध

ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): नव वर्ष 2026 के अवसर पर ऋषिकेश शहर क्षेत्र में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। इस दौरान शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पार्किंग, रूट डायवर्जन और वाहनों के संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रशासन द्वारा वाहनों के लिए चंद्रभागा नदी पार्किंग, त्रिवेणी घाट पार्किंग तथा ट्रांजिट कैंप पार्किंग को निर्धारित किया गया है, जहां बाहर से आने वाले वाहन पार्क किए जा सकेंगे।

यातायात व्यवस्था के तहत जयराम आश्रम मोड़ से चंद्रभागा तक विक्रम ऑटो एवं ई-रिक्शा के लिए स्टॉपेज को जीरो जोन घोषित किया गया है, ताकि मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति न बने।

मुनि की रेती एवं तपोवन की ओर जाने वाले वाहनों को श्यामपुर चौकी से नटराज चौक की दिशा में डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, यदि ऋषिकेश शहर क्षेत्र में यातायात का दबाव अधिक होता है तो नेपाली फार्म से आने वाले वाहनों को भनियावाला–रानीपोखरी मार्ग से ऋषिकेश की ओर भेजा जाएगा।

इसके अतिरिक्त, यातायात दबाव को देखते हुए उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार भारी वाहनों के शहर क्षेत्र में प्रवेश पर प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है।

प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Related Articles

Back to top button