उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

एनएसएस विशेष शिविर का पाँचवाँ दिन : योग, मतदाता जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जागा जनमानस

मुनि की रेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): श्री पूर्णानंद इंटर कॉलेज, मुनि की रेती में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के पाँचवें दिन स्वयंसेवियों ने विविध गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक और लोकतांत्रिक चेतना का संदेश दिया।

 

योगाभ्यास से हुई दिनचर्या की शुरुआत

शिविर के पाँचवें दिन की शुरुआत योगाचार्य सागर खंडूरी एवं मंजू मेहरा के दिशा-निर्देशन में योगाभ्यास के साथ हुई, जिसमें स्वयंसेवियों ने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझा।

 

मतदाता जागरूकता रैली व नुक्कड़ नाटक

योगाभ्यास के उपरांत स्वयंसेवियों द्वारा नगर पालिका मुनि की रेती के 14 बीघा, खारा स्त्रोत एवं शीशम झाड़ी क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान विभिन्न चौराहों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नागरिकों को निर्भीक एवं निष्पक्ष मतदान के प्रति जागरूक किया गया।

जागरूक मतदाता लोकतंत्र की रीढ़ : राजेंद्र थलवाल

बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष टिहरी राजेंद्र थलवाल ने कहा कि जागरूक मतदाता ही लोकतंत्र के आधार स्तंभ होते हैं। बिना भय और लोभ के मतदान कर हम अपने भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बना सकते हैं।

छात्रों में राष्ट्रीय चेतना का जागरण आवश्यक : जगमोहन थलवाल

अति विशिष्ट अतिथि जगमोहन थलवाल ने कहा कि वर्तमान समय में छात्र-छात्राओं में सामाजिक चेतना के साथ-साथ राष्ट्रीय चेतना का जागृत होना अत्यंत आवश्यक है।

राशन कार्ड योजनाओं की दी जानकारी

आपूर्ति निरीक्षक देहरादून प्रशांत बिष्ट ने स्वयंसेवियों को विभिन्न प्रकार के राशन कार्डों की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे वास्तविक जरूरतमंद लोगों के राशन कार्ड बनवाने में सहयोग करें तथा अवैध रूप से बने कार्डों को निरस्त कराने में शासन का सहयोग करें।

श्रमदान से स्वच्छता का संदेश

श्रमदान सत्र के अंतर्गत स्वयंसेवियों द्वारा पूर्णानंद खेल मैदान की साफ-सफाई की गई और स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया गया।

सांस्कृतिक सत्र में लोकसंस्कृति की छटा

सांस्कृतिक सत्र में स्वयंसेवियों द्वारा गढ़वाली, कुमाऊनी एवं भोजपुरी लोकगीतों व लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहा।

अतिथियों का आभार

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य अजीत पाल सिंह रौथान ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि स्वयंसेवी विद्वानजनों के विचारों को आत्मसात कर शिविर से प्राप्त ज्ञान को अपने जीवन में उतारें।

संचालन व उपस्थिति

कार्यक्रम का मंच संचालन कार्यक्रम अधिकारी चंद्र मोहन सिंह रौथान ने किया। इस अवसर पर सहायक कार्यक्रम अधिकारी राजूलाल, पुष्पा शर्मा, अंबिका नाथ, नवीन बडोनी, अजय कुमार, कुलबीर बुटोला, दृगपाल रावत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button