स्वच्छ सर्वेक्षण 2025: मुनिकीरेती-ढालवाला में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ वृहद जनजागरूकता अभियान
जानकी झूला और रामझूला बाजार में दुकानदारों व रेहड़ी विक्रेताओं को दिलाई गई प्लास्टिक मुक्त रहने की शपथ

मुनिकरेती/टिहरी, (दिलीप शर्मा): स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की तैयारियों के तहत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध नगर क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी के निर्देश पर नगर पालिका की टीमें स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों में पूरी मुस्तैदी के साथ जुटी हुई हैं।

इसी क्रम में शनिवार को मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती एवं सफाई निरीक्षक कमल चौहान के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम ने जानकी झूला क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान रेहड़ी विक्रेताओं एवं दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध से संबंधित स्टीकर वितरित किए गए तथा पॉलिथीन, प्लास्टिक स्ट्रॉ एवं थर्माकॉल सामग्री के उपयोग व बिक्री से परहेज करने की अपील की गई।

इसके उपरांत टीम ने रामझूला मुख्य बाजार में भी सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध को लेकर स्टीकर बांटते हुए जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक के पूर्ण प्रतिबंध को लेकर शपथ भी दिलाई गई, जिससे वे पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभा सकें।
इस अभियान में सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। नगर पालिका परिषद ने आमजन से अपील की है कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न कर स्वच्छ एवं पर्यावरण सुरक्षित नगर निर्माण में सहयोग करें।









