Blog

श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश में एनएसएस शिविर के छठे दिन समाज सेवा का संदेश

पूर्व प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत ने स्वयंसेवियों को ‘मैं नहीं, तुम’ की भावना अपनाने का दिया संदेश

ऋषिकेश, 6 जनवरी (दिलीप शर्मा): श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, ऋषिकेश में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य श्री डीबीपीएस रावत जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम अधिकारी धनंजय रांगढ़ एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी  द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि डीबीपीएस रावत ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल उद्देश्य स्वयंसेवियों में “मैं” की भावना को समाप्त कर “तुम” की भावना को विकसित करना है। उन्होंने कहा कि अहंकार का त्याग कर समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना ही एनएसएस की सच्ची भावना है। यह योजना युवाओं को समाज के प्रति उत्तरदायी बनाते हुए उन्हें एक उपयोगी एवं जागरूक नागरिक के रूप में तैयार करती है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से छात्रों का शारीरिक विकास होने के साथ-साथ सामाजिक एवं नैतिक विकास भी होता है। एनएसएस विद्यार्थियों को घर से बाहर रहकर अनुशासन, सहयोग और सामाजिक समरसता के साथ जीवन जीने की कला सिखाती है।

इस अवसर पर गढ़वाल समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी ने भी छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, महत्व एवं समाज में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में सोहन सिंह, मनोज गुप्ता, सुशीला बर्थवाल, रंजन अंथवाल सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य एवं स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button