
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): एम्स ऋषिकेश ने ड्रोन मेडिकल सेवा को एक और नई उपलब्धि देते हुए टिहरी जनपद के बौराड़ी क्षेत्र तक आवश्यक दवाएं सफलतापूर्वक पहुंचाईं। संस्थान द्वारा संचालित यह तकनीक आधारित सेवा स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लिए वरदान साबित हो रही है। एम्स प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि शीघ्र ही इस ड्रोन मेडिकल सेवा को नियमित रूप से सुचारू किया जाएगा।

गौरतलब है कि उत्तराखंड के दुर्गम इलाकों में गंभीर रोगियों तक त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एम्स ऋषिकेश ने फरवरी 2023 में ड्रोन मेडिकल सेवा की शुरुआत की थी। इसके तहत अब तक टिहरी, चम्बा, हिंडोलाखाल, जुड्डा नीलकंठ, कोटद्वार और हरिद्वार के रोशनाबाद सहित कई क्षेत्रों में समय-समय पर आवश्यक दवाएं पहुंचाई जा चुकी हैं।
मंगलवार को दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर एम्स ऋषिकेश के हेलीपैड से ड्रोन ने टिहरी के लिए उड़ान भरी और मात्र 30 मिनट में 50 किलोमीटर की दूरी तय कर दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर बौराड़ी स्थित टिहरी नगर निगम सभागार प्रांगण में सुरक्षित लैंडिंग की। इसके पश्चात ड्रोन ने दोपहर 1 बजकर 25 मिनट पर वापसी उड़ान भरी और अपराह्न 1 बजकर 55 मिनट पर एम्स हेलीपैड पर वापस पहुंच गया।
इस अवसर पर एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) मीनू सिंह ने कहा कि संस्थान ड्रोन आधारित मेडिकल सेवाओं के माध्यम से राज्य के दुर्गम क्षेत्रों तक दवाएं पहुंचाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने बताया कि भविष्य में राज्य के अन्य दूरस्थ इलाकों को भी इस सेवा से आच्छादित किया जाएगा, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान एम्स के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण, डीएमएस डॉ. रवि कुमार, पीआरओ डॉ. श्रीलोय मोहन्ती, पीपीएस विनीत कुमार सिंह, ड्रोन सेवाओं के कंसल्टेंट हरदीप एस. मन्हास, स्काईनेट ई सोल्यूशन कंपनी के सीईओ पुनीत धमोला, निदेशक राजीव सिंह, प्रवीन भाटी, शशांक सावन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









