महापौर शम्भू पासवान ने मुख्यमंत्री धामी से की बड़ी विकास परियोजनाओं की मांग
ऋषिकेश को आदर्श तीर्थनगरी बनाने हेतु लम्बित व प्रस्तावित कार्यों पर शीघ्र स्वीकृति का आग्रह

देहरादून/ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): देहरादून में 8 जनवरी 26 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में कैबिनेट मंत्री एवं प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा देहरादून जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में मेयर शंभू पासवान ने प्रतिभा कर ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र के वन भूमि प्रकरण मामले में प्रभावित 12 वार्डों के बचाव हेतु और चंद्रभागा नदी के दोनों तरफ पक्के तटबंधों का निर्माण, चंदेश्वर मंदिर से त्रिवेणी घाट को जोड़ने के लिए पुल के निर्माण कार्य के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ताकार कई महत्वपूर्ण कार्यों को लेकर पत्र प्रेषित किया।
नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान ने उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र प्रेषित कर नगर निगम क्षेत्र में प्रस्तावित एवं लम्बित विकास कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। महापौर ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में हो रहे चहुंमुखी विकास कार्यों की सराहना करते हुए ऋषिकेश की बढ़ती आबादी, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई जनहितकारी परियोजनाओं को शीघ्र क्रियान्वित करने की आवश्यकता जताई है।

आस्था पथ और स्थायी पुल से मिलेगा जाम से निजात
महापौर ने त्रिवेणी घाट के समीप चन्द्रभागा (सुखी) नदी पर लक्ष्मण झूला से बैराज तक गंगा तट के किनारे आस्था पथ को जोड़ने हेतु स्थायी पुल निर्माण को अत्यंत आवश्यक बताया। इससे जानकी झूला, रामझूला और बजरंग सेतु तक श्रद्धालुओं व स्थानीय नागरिकों का आवागमन सुगम होगा तथा कांवड़ यात्रा व कुंभ जैसे आयोजनों में शहर को जाम से राहत मिलेगी।

नदियों के संरक्षण व सौंदर्यीकरण पर जोर
संजय झील से निकलने वाली रम्भा नदी को सुव्यवस्थित दिशा देने के लिए गंगा तक लगभग तीन किलोमीटर क्षेत्र में दोनों ओर सुरक्षा दीवार और सौंदर्यीकरण हेतु धनराशि स्वीकृत करने की मांग की गई है। इसके साथ ही चन्द्रभागा पुल से नाव घाट तक आस्था पथ के विस्तार का प्रस्ताव भी रखा गया है।
गौशाला, पार्किंग और सामुदायिक भवनों की मांग
रायवाला में गौशाला/एबीसी सेंटर के निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपये आवंटित करने, आईएसबीटी परिसर ऋषिकेश में केएफडब्ल्यू के माध्यम से बहुउद्देशीय भवन एवं मल्टीस्टोरी पार्किंग के निर्माण हेतु आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।
शहरी सुविधाओं के विस्तार की योजना
महापौर ने नगर निगम क्षेत्र में 15 सामुदायिक भवनों के नव निर्माण/पुनर्निर्माण, 8 नए पार्कों के निर्माण, कोयल घाटी से एम्स तक सड़क के मध्य डेकोरेटेड पोल व सौंदर्यीकरण, तथा समस्त स्ट्रीट लाइटों के ऑटोमेशन के लिए सीसीएमएस प्रणाली स्थापित करने की स्वीकृति की मांग की है।
200 करोड़ की पृथक स्वीकृति का प्रस्ताव
केएफडब्ल्यू के माध्यम से ऋषिकेश क्षेत्र के विकास हेतु स्वीकृत 1800 करोड़ रुपये में से नगर निगम ऋषिकेश को सड़क, नाली निर्माण और पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए पृथक रूप से 200 करोड़ रुपये स्वीकृत करने का भी आग्रह किया गया है।
एमडीडीए से विद्युत स्टेशन शिफ्टिंग की मांग
एमडीडीए द्वारा निर्माणाधीन मल्टीस्टोरी पार्किंग/नगर निगम कार्यालय भवन के समीप स्थापित विद्युत स्टेशन को अन्यत्र स्थानांतरित करने हेतु 10 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त करने के लिए एमडीडीए को निर्देशित करने का अनुरोध किया गया है।
महापौर शम्भू पासवान ने मुख्यमंत्री से इन सभी प्रस्तावों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक धनराशि आवंटित करने का आग्रह किया है, ताकि तीर्थनगरी ऋषिकेश को एक आदर्श, सुव्यवस्थित और विकसित शहर के रूप में स्थापित किया जा सके।









