
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और अवैध पार्किंग से आमजन को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ऋषिकेश ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार,को माननीय महापौर महोदय की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय कक्ष में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में शहर के प्रमुख और व्यस्त क्षेत्रों में अवैध पार्किंग की समस्या पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य बाजार, आई.एस.बी.टी. परिसर, होटल तुलसी के समीप स्थित रिक्त भूमि तथा आई.एस.बी.टी. पार्किंग के सामने निजी संपत्तियों पर संचालित अवैध पार्किंग के कारण उत्पन्न यातायात अवरोध पर चिंता व्यक्त की गई। अधिकारियों ने अवगत कराया कि इन स्थानों पर अनियंत्रित पार्किंग से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
अवैध पार्किंग की जांच को संयुक्त कमेटी का गठन
समस्या के स्थायी समाधान और वर्तमान पार्किंग स्थलों की वास्तविक स्थिति की जांच के लिए महापौर महोदय के निर्देश पर एक उच्च स्तरीय संयुक्त जांच समिति का गठन किया गया है। समिति में निम्न अधिकारियों को शामिल किया गया है—
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (A.R.T.O.), ऋषिकेश
तहसीलदार, ऋषिकेश
वन क्षेत्राधिकारी, ऋषिकेश
सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम ऋषिकेश
यातायात निरीक्षक, ऋषिकेश
प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली ऋषिकेश
एक सप्ताह में सौंपनी होगी विस्तृत रिपोर्ट
संयुक्त समिति को निर्देशित किया गया है कि वह चिन्हित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर यह स्पष्ट करे कि पूर्व निर्धारित पार्किंग स्थल वर्तमान में वाहन पार्किंग के लिए उपयुक्त हैं अथवा नहीं। इसके साथ ही निजी संपत्तियों पर संचालित अवैध पार्किंग को रोकने के लिए ठोस संस्तुतियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। समिति को एक सप्ताह के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट नगर निगम को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
शहर को जाम मुक्त बनाने का लक्ष्य
इस अवसर पर माननीय महापौर महोदय ने कहा कि “नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य ऋषिकेश को जाम मुक्त बनाकर आमजन को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुविधा प्रदान करना है। अवैध पार्किंग के खिलाफ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्रीमती रश्मि पंत, श्री रावत सिंह, तहसीलदार चमन सिंह, ऑटो यूनियन अध्यक्ष राजेन्द्र लांबा, सचिव विजेन्द्र कण्डारी तथा रोटेशन यातायात अध्यक्ष नवीन चन्द्र रमोला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।









