
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई का विशेष आवासीय शिविर आज गंगोत्री विद्या निकेतन इंटरमीडिएट कॉलेज, सुमन बिहार बापू ग्राम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रारंभ हुआ। शिविर के उद्घाटन अवसर पर सम्मानित पार्षद सुश्री मुस्कान चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं शिविर ध्वजारोहण के साथ किया गया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को क्लास से मास और कैंपस से कम्युनिटी की ओर ले जाना है, जिससे छात्रों में समाज सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी का भाव विकसित हो सके।

मुख्य अतिथि पार्षद सुश्री मुस्कान चौधरी ने अपने संबोधन में स्वयंसेवकों से अपील की कि वे शिविर के दौरान वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर नगर निगम की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं तथा स्वच्छता को लेकर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाएं, ताकि ऋषिकेश को स्वच्छ, सुंदर और निर्मल बनाए रखने में सफलता मिल सके।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर समन्वयक मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और उन्हें धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया जाता है।
इस अवसर पर प्रवेश पोखरियाल, श्रीमती विनय बौड़ाई, कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह रावत, नगर समन्वयक मनोज कुमार गुप्ता सहित आकाश कुमार, विजय यादव, विष्णु गुप्ता, अमन कुमार, शगुन, गौरी शर्मा, अनुज पाल, अंजलि नौटियाल, ओम सिंह बिष्ट सहित अनेक स्वयंसेवक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।









