उत्तराखंडऋषिकेश

चारधाम यात्रा को लेकर नगर निगम ऋषिकेश की तैयारी तेज, महापौर ने दिए स्पष्ट निर्देश

यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि—डाइवर्जन न करने, अतिक्रमण हटाने और स्वच्छता बनाए रखने पर जोर

ऋषिकेश, 06 अप्रैल(दिलीप शर्मा): आगामी चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ऋषिकेश द्वारा सोमवार को आई.एस.बी.टी. परिसर स्थित निगम कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर शंभू पासवान ने की, जिसमें शहर की व्यवस्थाओं, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान चारधाम यात्रा में आने वाले बाहरी यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। महापौर श्री पासवान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन यात्रियों की ऋषिकेश में होटल बुकिंग है या जो सीधे नगर क्षेत्र में प्रवेश करना चाहते हैं, उन्हें किसी भी मार्ग से डाइवर्ट न किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बिना किसी बाधा के सीधे ऋषिकेश आने दिया जाए, ताकि उन्हें असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में शहर के मुख्य मार्गों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और बिना अनुमति के लगाई गई रेड़ी-ठेली के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए पॉलीथीन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने तथा निर्माण एवं विध्वंस (सी एंड डी) कचरे के समुचित निस्तारण पर जोर दिया गया।

इसके अलावा, यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले विज्ञापन बोर्डों और होर्डिंग्स को हटाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। बैठक में पुलिस प्रशासन, ए.आर.टी.ओ., मंडी समिति, व्यापार मंडल एवं विभिन्न परिवहन यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, ताकि यात्रा के दौरान सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।

बैठक में नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, एआरटीओ रश्मि पंत, मंडी समिति के प्रतिनिधि देवेंद्र कुमार एवं जय प्रकाश नारायण, व्यापार मंडल से सुरेन्द्र सिंह गुनसोला एवं अनंत राम भट्ट, टैक्सी-ऑटो यूनियन के अमर सिंह रावत, हेमंत डंग, विजेंद्र कंडारी सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button