उत्तराखंडऋषिकेशविकास कार्य

ऋषिकेश के विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार, विधायक निधि से 64 लाख रुपये देने की घोषणा

वीरभद्र मंडल के बूथ अध्यक्षों की बैठक में डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने विकास कार्यों को दी प्राथमिकता, कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं को गंभीरता से उठाने का किया आह्वान

ऋषिकेश, 31 जुलाई(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शुक्रवार को अपने कैंप कार्यालय में वीरभद्र मंडल के बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक कर क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास को गति देने के उद्देश्य से विधायक निधि से विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 64 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता की आवश्यकताओं और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उन्हें प्राथमिकता के साथ उनके संज्ञान में लाएं, ताकि समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय से ही विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जब-जब क्षेत्र के विकास से जुड़ा कोई प्रस्ताव या मांग उनके समक्ष रखी गई, उन्होंने उसे सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए त्वरित कार्रवाई की। उनके प्रयासों से क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य साकार हुए हैं, जिनका लाभ आम जनता को मिल रहा है।

वहीं मंडल महामंत्री पुनीता भंडारी ने कहा कि क्षेत्र में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया गया है तथा बिजली और पेयजल व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने विशेष रूप से स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि आज क्षेत्र की जगमगाती सड़कें विकास की कहानी स्वयं बयां कर रही हैं और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने स्थानीय आवश्यकताओं से जुड़े कई सुझाव भी विधायक के समक्ष रखे, जिन पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

इस अवसर पर मनोरमा, अनिल भगवाधारी, अशोक पासवान, सुशील उनियाल, चमन कौशल, मुन्नी देवी, कुसुम देवी, सुयश मिश्रा, दुर्गा देवी सहित बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button