कांवड़ मेला-2026: तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन, एडीएम ने सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ की समीक्षा
जानकी झूला और ढालवाला पार्किंग का किया निरीक्षण, सुरक्षा, सफाई, बिजली, पेयजल और सीसीटीवी व्यवस्था पर दिया विशेष जोर

ऋषिकेश/मुनिकीरेती, 31 जुलाई(दिलीप शर्मा): कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सुरक्षित संचालन को लेकर टिहरी जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) टिहरी शैलेंद्र सिंह नेगी ने शुक्रवार को नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला सभागार में सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा, यातायात, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला क्षेत्र में लगे विद्युत पोलों एवं उनके आसपास की वायरिंग पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी करंट प्रवाहित होने अथवा विद्युत व्यवस्था में किसी प्रकार की गड़बड़ी दिखाई दे तो इसकी तत्काल सूचना विद्युत विभाग को दी जाए, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके और किसी भी दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां आवश्यकता हो वहां पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि पूरे मेला क्षेत्र की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि आधुनिक निगरानी व्यवस्था से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
एडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेला अवधि के दौरान यदि सफाई, विद्युत, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था अथवा अन्य किसी भी प्रकार की समस्या सामने आती है तो संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जाए और उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ मेले के दौरान केवल निर्धारित व्यवस्थाओं पर ही निर्भर न रहें, बल्कि प्रत्येक व्यवस्था के लिए वैकल्पिक योजना (बैकअप प्लान) भी तैयार रखें। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और फील्ड में लगातार सक्रिय रहने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा बैठक के उपरांत एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ जानकी झूला पार्किंग, ढालवाला पार्किंग स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्किंग व्यवस्था, यातायात संचालन, श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा इंतजाम एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और मेला शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता कमल सिंह, सहायक अभियंता दर्मियान सिंह असवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सत्ती, कर निरीक्षक आकाश अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










