देहरादून, 31 जुलाई : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में खाद्य विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अन्त्योदय निःशुल्क गैस रिफिल योजना को लागू करने वाला उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बन गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्त्योदय कार्डधारकों को इस योजना का लाभ शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को गैस सिलेंडर भरवाने के लिए राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से दी जाएगी और यह राशि केवल सिलेंडर भरने में ही उपयोग हो, इसके लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने बताया कि राज्य में 1.84 लाख अन्त्योदय कार्डधारक परिवार इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं, जिससे लगभग 10 लाख लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।
बैठक में मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत सभी लाभार्थियों का डेटा समय-समय पर अपडेट किया जाए। साथ ही, वरिष्ठ नागरिकों और बायोमैट्रिक कठिनाइयों का सामना कर रहे पात्र लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था से राशन वितरण सुनिश्चित हो।
उन्होंने खाद्यान्न भंडारण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करने और सुरक्षित भंडारण के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने वन नेशन, वन राशन कार्ड योजना को प्रभावी रूप से लागू करने पर जोर दिया, जिससे राज्य के किसी भी कोने से राशन प्राप्त करने में कोई बाधा न आए।
बैठक में ई-पूर्ति पोर्टल पर रियल टाइम ट्रांजैक्शन डेटा की निगरानी, आधार सीडिंग और मोबाइल ओटीपी आधारित वितरण प्रणाली को मजबूत करने, फर्जी राशन कार्ड की पहचान कर कार्रवाई करने और लापरवाही बरतने वाले डीलरों व अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्डधारक को हर माह समय पर पूरा राशन उपलब्ध होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में पूर्व-स्टॉकिंग की पुख्ता व्यवस्था, राज्य के गोदामों के आधुनिकीकरण, जिला स्तर पर बफर स्टॉक नीति तैयार करने, मिड-डे मील एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में समयबद्ध खाद्यान्न आपूर्ति तथा खाद्य शिकायत निवारण प्रणाली को प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया।
इस समीक्षा बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, एल. फैनई, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित खाद्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।










