
ऋषिकेश, 4 अगस्त 2025- लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने चंद्रभागा जैसी सूखी नदी को भी जलमग्न कर दिया है। इसी बीच सोमवार को एक नंदी चंद्रभागा नदी की तेज जलधारा के बीच फंस गया। स्थानीय लोगों ने जब नंदी को पानी के बीच जीवन-मृत्यु से जूझते देखा, तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी त्रिवेणी घाट प्रभारी बिनेश कुमार के नेतृत्व में जल पुलिस और एसडीआरएफ (आपदा राहत दल) की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जोखिम भरे हालातों के बावजूद जवानों ने संयम और साहस का परिचय देते हुए नंदी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के दौरान यह भी सामने आया कि पानी के बहाव और चट्टानों से टकराने के कारण नंदी को चोटें आई हैं। फिलहाल उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया है।
चंद्रभागा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब है, जबकि गंगा का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में त्रिवेणी घाट सहित आसपास के सभी घाटों पर जल पुलिस और आपदा राहत दल की गश्त लगातार जारी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से नदी या घाटों की ओर न जाएं, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर ही रखें। बारिश की तीव्रता को देखते हुए अगले कुछ दिन सतर्क रहने की आवश्यकता है।









